कर्नाटक में कांग्रेस ने 13 मई को 135 वोटों से जीत हासिल कर ली है लेकिन अभी तक सीएम के चेहरे को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया है। डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया के बीच रेस चल रही है। कांग्रेस के लिए फैसला मुश्किल होता जा रहा है कि किसके सिर सीएम के ताज सजाया जाए क्योंकि पार्टी के लिए दोंनो नेता विश्वसनीय और महत्वपूर्ण हैं।
सूत्रों की मानें तो, अब डीके शिवकुमार ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने अगला सीएम बनने की इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने 2019 में सरकार गिरने के बाद राज्य में पार्टी के पुनर्निर्माण में मदद की थी।
डीके शिवकुमार ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात करते हुए ये भी कहा कि सिद्धारमैया को पहले ही सीएम बनने का मौका दिया जा चुका है और अब उनकी बारी है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें सीएम की कुर्सी से वंचित किया जाता है, तो वह पार्टी में विधायक के रूप में ही काम करना पसंद करेंगे।
3 दिनों से कांग्रेस में ये मंथन जारी है कि कर्नाटक की बागडोर किसको सौंपी जाए। मंगलवार 16 मई को भी दिल्ली में अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर बैठक हुई जिसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए। डीके और सिद्धारमैया दोंनो ही दिल्ली में मौजूद हैं। आज भी मल्लिकार्जुन खरगे के घर बैठक होगी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि फैसला आएगा। इंतजार कीजिए, अच्छा फैसला आएगा और जितनी जल्दी हो सकता है उतनी जल्दी आएगा। सूत्रों के हवाले से ये खबर है कि आज सीएम के चेहरे पर फैसला आ सकता है।

