उत्तर प्रदेश में प्रथम चरण के नगर निकाय चुनाव समाप्त हो गया है। अब दूसरे चरण को लेकर पार्टियां तैयारियों में जुट गयी है। इसी सिलसिले में आज यूपी के उप मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक केशव प्रसाद मौर्य मिर्जापुर पहुंचे। जहाँ उन्होंने नगर पालिका परिषद अहरौरा के अध्यक्ष पद के भाजपा उम्मीदवार ओमप्रकाश केशरी के समर्थन में पट्टीकला में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। मौर्य ने चुनावी मंच से विरोधी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा।
बता दें कि नगर निकाय चुनाव में अपना वर्चस्व कायम कर ट्रिपल इंजर की सरकार बनाने के लिए भाजपा धुआंधार प्रचार कर रही है। दूसरे चरण के चुनावी जनसभाओं की शृंखला भी शुरू हो चुकी है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मतदाताओं का मन टटोलने के साथ नगर पालिका परिषद अहरौरा में आकर भगवा रंग को और गाढ़ा कर गए। उन्होंने इस दौरान कहा कि कांग्रेस बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की बात कहती हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता कि बजरंग बली को कोई बांध ही नहीं पाया है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस से मुक्ति के लिए चुनावी यज्ञ में हर किसी को आहुति देनी चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी हो चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव में साइकिल पंचर हो गई थी और रही सही कसर निकाय चुनाव में पूरी हो जाएगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि निकाय चुनाव लोकसभा चुनाव का आगाज है।

