Noida News: बैंक में काम करने वाली युवती ने सेक्टर-39 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में उसने बताया कि एक व्यक्ति ने शादी का झांसा देकर कई सालों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके अलावा उसने उससे करीब 13 लाख रुपए भी ऐंठ लिए। अब आरोपी उससे शादी करने से इंकार कर रहा है।
क्या है पूरा मामला?
सेक्टर-39 थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि युवती ने मामला दर्ज कराया है। उसने बताया कि कुछ समय पहले मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए उसकी मुलाकात सहारनपुर निवासी आरोपी विक्रांत सैनी से हुई थी। आरोपी ने अपनी प्रोफाइल में खुद को अविवाहित बताया था। उसने युवती को झांसा दिया कि वह उससे शादी करना चाहता है और इसी बहाने उसने लंबे समय तक उसका यौन शोषण किया। पीड़िता के मुताबिक, उसने उससे करीब 13 लाख रुपए अपने अकाउंट में ट्रांसफर भी करवा लिए।
कई महिलाओं को ठगा
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले से शादीशुदा है, हालांकि उसने खुद को अविवाहित बताया। उसका मानना है कि वह एक धोखेबाज है जिसने मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी प्रोफ़ाइल के ज़रिए कई महिलाओं को अपने जाल में फंसाया है। महिला ने बताया कि उसने दिल्ली और दूसरी जगहों पर कई लड़कियों को फंसाया है और उनसे लाखों रुपए ठगे हैं। उसने कई लोगों से बड़ी रकम उधार भी ली है।