लखनऊ :- उत्तर प्रदेश के फल, सब्जी किसानों के उत्पाद निर्यात से संबंधित मांगों को लेकर राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम के सदस्य प्रबंधन मंडल धनंजय सिंह ने उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीराम चौहान से मुलाकात की। धनंजय सिंह ने मुख्यमंत्री के नाम से सम्बोधित फल, सब्जी किसानों के उत्पाद निर्यात में सहयोग के लिए उद्यान राज्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में फल, सब्जी का उत्पादन करने वाले किसानों की पर्याप्त संख्या है और इनके उत्पाद दूसरे देशों विशेष रुप से दुबई सहित खाड़ी देशों में जाते हैं। प्रदेश के किसानों के उद्यान उत्पाद जैसे सब्जियां, फल का भारी मात्रा में निर्यात किया जा सकता है। राज्य सरकार सहयोग करें तो इस क्षेत्र में असीम संभावनाएं है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पिछले वर्ष 30 हजार मिट्री टन सब्जी का निर्यात अकेले वाराणसी जनपद से हुआ था। प्रदेश के किसानों को अपने उत्पादन को समुद्र तट तक पहुंचाने में कठनाईयों का सामना करना पड़ता है, जिसके कारण उन्हें भरपूर दाम नहीं मिल पाता है। प्रदेश के किसानों के मुकाबले गुजरात और महाराष्ट्र के किसानों को ये भाड़ा नहीं देना पड़ता क्योकिं दोनों ही राज्य समुद्री तट के किनारे ही है।
उन्होंने कहा कि दुबई सहित खाड़ी देशों में हरी मिर्च, भिंडी, आम, केला, मटर, गाजर जैसी फलों सब्जियों की पूरे वर्ष मांग रहती है। भारत के राज्यों में से जहां पर इनका उत्पादन हैं, वहां से निर्यात कर खाड़ी देशों में आपूर्ति दी जाती रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन उद्यान राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी श्रीराम चौहान को सौंपकर उनसे किसानों के भाड़ा सम्बंधित समस्या के निवारण की मांग की गयी है। उद्यान राज्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि इस पर समुचित कार्य किया जाएगा, जिससे किसानों की समस्या को दूर किया जा सके। श्रीराम चौहान ने किसानों के प्रोत्साहन राशि के सम्बंध में भी विचार करने की बात कही है।
Publish by- shivam Dixit
@shivamniwan