Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 5 फरवरी को मतदान होना है। इस दिन को लेकर सरकार ने सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। उपराज्यपाल के आदेश पर जारी अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली सरकार के अधीन सभी सरकारी कार्यालयों, स्थानीय निकायों, स्वायत्त संस्थानों और सार्वजनिक उपक्रमों में अवकाश रहेगा।
मतदाताओं की संख्या और निर्वाचन क्षेत्र
दिल्ली में कुल 70 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से 58 सामान्य और 12 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। दिल्ली में कुल 1.55 करोड़ से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 83.49 लाख पुरुष, 71.73 लाख महिला और 1,261 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस बार 25.89 लाख युवा मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चुनाव में 13,033 मतदान केंद्र
दिल्ली में इस चुनाव के लिए कुल 13,033 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 70 मतदान केंद्र विशेष रूप से दिव्यांग मतदाताओं (पीडब्ल्यूडी) के लिए और 70 मतदान केंद्र पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित होंगे।
उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले
चुनाव सुधार संस्था ‘एडीआर’ के विश्लेषण के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव में 19 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2020 के चुनाव में यह आंकड़ा 20 प्रतिशत था।
मुख्य पार्टियों की स्थिति
दिल्ली में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस (INC) के बीच है।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं।
भाजपा 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि उसने 1 सीट सहयोगी जेडीयू और 1 सीट चिराग पासवान की पार्टी को दी है।
असदुद्दीन ओवैसी और मायावती की पार्टियों ने भी अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
यह भी पढ़ें: Delhi News: दिल्ली में चुनावी संग्राम, आचार संहिता उल्लंघन पर बढ़ी सख्ती, जानिए क्या होता है ये कानून?
पिछले चुनाव का परिणाम
2015 और 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया था। 2020 में आम आदमी पार्टी ने 62 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 8 सीटें मिली थीं। कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल पाया था।