कांग्रेस का 85वां महाअधिवेशन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित की जा रही है। आज अधिवेशन का दूसरा दिन है। आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने अधिवेशन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और आरएसएस ने सभी स्वायत्त एजेंसियों पर कब्जा कर लिया है। पीएम मोदी देश के लिए नहीं अपने मित्रों के लिए सत्ता चला रहे हैं।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि हमें भाजपा शासन से सख्ती से निपटना होगा और लोगों तक अपनी पहुंच बढ़ानी होगी ताकि अपने संदेश स्पष्टता के साथ दे सकें। सोनिया ने आगे कहा कि भाजपा नफरत की आग में घी डालने का काम कर रही है और अल्पसंख्यकों, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों को निशाना बना रही है। कांग्रेस नेता ने इसी के साथ कहा कि यह समय पार्टी और देश के लिए चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि भाजपा ने हर संस्थान पर कब्जा कर लिया है।
भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल की तारीफ
सोनिया गाँधी ने इसके साथ ही अपने बेटे राहुल गांधी की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि राहुल के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा ने बहुत अच्छा काम किया। सोनिया ने कहा कि जिस तरह से राहुल ने इस यात्रा में लोगों के पास पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना वो काबिले तारीफ है।
कांग्रेस ने लोकतंत्र को मजबूत किया
सोनिया गाँधी ने अधिवेशन में कांग्रेस की व्याख्या करते हुए कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि एक ऐसा माध्यम है जिसके द्वारा लोग समानता, स्वतंत्रता और न्याय के लिए लड़ते हैं। हम लोगों की आवाज को आगे बढ़ाते हैं और उनके सपने पूरे करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारा रास्ता आसान नहीं है लेकिन हम जरूर जीतेंगे। सोनिया ने इसी के साथ कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है।

