Noida News: नोएडा अथॉरिटी के पार्किंग अटेंडेंट द्वारा एक बुजुर्ग दंपति के साथ गुंडागर्दी करने का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में, पार्किंग अटेंडेंट को एक कार को खींचते हुए देखा जा सकता है, जिसमें बुजुर्ग दंपत्ति अंदर हैं। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लोकेश एम ने उप महाप्रबंधक को प्रभारी ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया।
यह घटना तब हुई जब बुजुर्ग दंपत्ति खरीदारी के लिए सेक्टर-50 मार्केट में आए थे और उनकी कार को नोएडा पार्किंग अटेंडेंट खींचकर ले गए। कर्मियों से मिन्नत करने के बावजूद बुजुर्ग दंपत्ति को जबरन कार समेत उठा ले गए।
एफआईआर दर्ज करने का निर्देश
इस घटना ने प्राधिकरण के आचरण पर सवाल खड़े कर दिये हैं. वायरल वीडियो के बाद विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पार्किंग अटेंडेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी है। लोग इसे गंभीर मामला बता रहे हैं और इन पार्किंग अटेंडेंट की इंसानियत पर सवाल उठा रहे हैं. इस वीडियो को लेकर अभी तक नोएडा अथॉरिटी की ओर से कोई बयान नहीं आया है.
यह भी पढ़ें: Noida: तेज रफ़्तार कार ने निगल ली एक और जिंदगी, दुर्घटना में 20 फीट हवा में उछला गार्ड, जमीन पर गिरते ही मौत
वायरल वीडियो के संबंध में नोएडा प्राधिकरण ने ट्वीट किया कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी लोकेश एम के निर्देशन में ओएसडी ने उप महाप्रबंधक को प्रभारी ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है. इस बीच पुलिस ने कहा है कि वायरल वीडियो को लेकर जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

