नागालैंड के मुख्यमंत्री के तौर पर आज नेफ्यू रियो ने पांचवी बार शपथ ली है। उनके अलावा दो उप मुख्यमंत्रियों समेत 11 विधायकों ने भी शपथ ग्रहण की है। उन्हें राजयपाल ला गणेशन ने शपथ दिलाई है। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन राजधानी कोहिमा स्थित कैपिटल कल्चरल हॉल में की गयी थी। शपथ ग्रहण के इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे।
इसके अलावा नगालैंड सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, असम के मुख्यमंत्री एवं नेडा के संयोजक डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, भाजपा के पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा भी मौजूद थे।
बता दें कि एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के साथ-साथ ही दो उप मुख्यमंत्रियों वाई पाटन (भाजपा) एवं टीआर जेलियांग (एनडीपीपी) ने भी शपथ ली। इसके अलावा अन्य 9 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। पहली बार नगालैंड में एक महिला विधायक को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। कुल मिलाकर आज एनडीपीपी के 7 और भाजपा के 5 विधायकों ने शपथ ली।
गौरतलब है कि नगालैंड विधानसभा चुनाव 2023 में राज्य की नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी और बीजेपी गठबंधन ने बहुमत हासिल किया था। एनडीपीपी ने 40 और भाजपा ने 20 सीटों पर चुनाव लड़ा था। चुनाव में एनडीपीपी और बीजेपी ने क्रमशः 25 और 12 सीटें जीती थीं।

