देश के पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के तौर पर आज माणिक साहा ने लगातार दूसरी बार शपथ ग्रहण की है। साहा के साथ 8 और विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन त्रिपुरा की राजधानी अगरतला के स्वामी विवेकानंद मैदान में किया गया था। इस शपथ ग्रहण समारोह में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए।
गौरतलब है कि माणिक साहा के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा और उसके सहयोगी आईपीएफटी के विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। रतनलाल नाथ ने भी त्रिपुरा के मंत्री पद की शपथ ग्रहण की है। रतनलाल नाथ मोहनपुर से विधायक हैं और वह बिप्लव देव की सरकार में भी मंत्री थे।
कौन-कौन विधायक बनें मंत्री
रतनलाल नाथ
सांतना चकमा
सुशांत चौधरी
टिंकू रॉय
प्रणजीत सिंघा रॉय
बिकास देबबर्मा
सुधांगसू दास
शुक्ला चरण नोआतिया
साहा ने राज्यपाल को सौंपा था इस्तीफा
बता दें कि इससे पहले माणिक साहा ने शुक्रवार को अगरतला में राजभवन में राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को अपना इस्तीफा सौंपा था। राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार के शपथ लेने तक पद पर बने रहने के लिए कहा था। उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुए त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अकेले ही बहुमत हासिल कर ली थी। बीजेपी ने कुल 32 सीटों पर जीत दर्ज की हैं। पहली बार अस्तित्व में आई टिपरा मोथा पार्टी ने अपने पहले ही चुनाव में दमदार प्रदर्शन करते हुए राज्य के 13 सीटें जीतकर दूसरे नंबर पर रही। वहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) को 11 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस को महज तीन सीटें ही मिलीं।

