India Pakistan Attack: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्थाएं अभूतपूर्व स्तर पर सख्त कर दी गई हैं। हाल ही में पाकिस्तान की सीमा से लगे राज्यों में रात के समय हुए हमलों के बाद अब दिल्ली भी हाई अलर्ट मोड में आ गई है। दिल्ली सरकार ने सभी 11 जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) को चौकन्ना रहने और विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए हैं।
सभी डीएम से कहा गया है कि वे शाम ढलते ही अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दें और किसी भी अप्रिय घटना की तत्काल जानकारी मुख्यालय को दें। साथ ही संवेदनशील इलाकों में गश्त भी तेज कर दी गई है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
मंत्रियों के कार्यक्रम स्थगित
दिल्ली सरकार ने सुरक्षा को देखते हुए अपने सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने भी अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। अब केवल आवश्यक बैठकें ही आयोजित की जा रही हैं।
हालांकि गर्मी और मानसून को ध्यान में रखते हुए पानी की आपूर्ति और जलभराव से संबंधित कार्यों को पहले की तरह ही तेज गति से जारी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि बुनियादी सुविधाएं बाधित न हों।
केंद्र सरकार के निर्देशों का तत्काल अनुपालन अनिवार्य
राज्य सरकार ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि केंद्र सरकार से जो भी दिशा-निर्देश जारी हों, उनका बिना विलंब के पालन सुनिश्चित करें। साथ ही आम नागरिकों की सुरक्षा, सहायता और जागरूकता के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के लिए भी कहा गया है।
दिल्ली के सभी (India Pakistan Attack) कंट्रोल रूम्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है और उनके उपकरणों की टेस्टिंग कर उन्हें क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आपात स्थिति में सायरन से अलर्ट
आपात स्थिति में नागरिकों को सतर्क करने के लिए दिल्ली सरकार ने सभी 11 जिलों में चिन्हित ऊंची इमारतों पर सायरन लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार को राजधानी के कई स्थानों पर सायरन सिस्टम सक्रिय कर दिए गए।
सिविल डिफेंस की टीमों को अस्पतालों, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जरूरत के अनुसार तैनात किया गया है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और केवल सरकारी और आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
एम्स ट्रॉमा सेंटर भी सतर्क
दिल्ली सरकार की तर्ज पर एमसीडी और एनडीएमसी ने भी अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। यह निर्णय दिल्ली के स्पेशल सेक्रेटरी (सर्विस) के आदेश के तहत लिया गया है।
वहीं एम्स ट्रॉमा सेंटर के प्रमुख डॉक्टर कामरान फारुकी ने भी शुक्रवार को एक आदेश जारी कर अस्पताल स्टाफ की सभी प्रकार की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द करने की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

