Greater Noida News: उत्तर प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में 25 से 29 सितंबर 2025 तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाला UP International Trade Show 2025 किसानों, कंपनियों और निवेशकों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा। इस पांच दिवसीय कार्यक्रम में कृषि विभाग 1000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में आधुनिक कृषि उपकरण, बीज, उर्वरक और एफपीओ उत्पाद प्रदर्शित करेगा।
कृषि विश्वविद्यालयों की भागीदारी
इस शो में उत्तर प्रदेश के पांच प्रमुख कृषि विश्वविद्यालय हिस्सा लेंगे –
• चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर
• आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय, अयोध्या
• सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय, मेरठ
• बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
• शियाट्स नैनी, प्रयागराज
इन विश्वविद्यालयों के साथ ही अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान केंद्र, वाराणसी और उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम भी अपनी नवीनतम कृषि तकनीक और अनुसंधान उपलब्धियां प्रदर्शित करेंगे।
किसान उत्पादक संगठनों की उपस्थिति
कार्यक्रम की खासियत यह है कि इसमें 15 से अधिक किसान उत्पादक संगठन (FPOs) शामिल होंगे। ये संगठन बुलंदशहर, प्रयागराज, एटा, झांसी, मेरठ, महोबा, सहारनपुर, बाराबंकी, गौतमबुद्धनगर, लखनऊ और सिद्धार्थनगर जैसे जिलों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन एफपीओ द्वारा प्रस्तुत उत्पाद किसानों की मेहनत और आधुनिक कृषि पद्धतियों का शानदार उदाहरण होंगे।
कंपनियों का बड़ा नेटवर्क
शो में कृषि से जुड़ी बड़ी कंपनियों की भी मजबूत उपस्थिति रहेगी।
• 17 कृषि यंत्रीकरण कंपनियां
• 9 बीज कंपनियां
• 8 उर्वरक कंपनियां
• 8 कृषि रक्षा रसायन कंपनियां
ये कंपनियां अपने आधुनिक उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी, जिससे किसान सीधे तौर पर नई नवाचार तकनीकों से जुड़ सकेंगे।
नोडल अधिकारियों की नियुक्ति
प्रदर्शनी की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने नोडल अधिकारियों की तैनाती की है। बीज, उर्वरक, कृषि यंत्र और ड्रोन निर्माण जैसे क्षेत्रों में अधिकारियों को समन्वय और देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा आईआईटी कानपुर के सहयोग से कृषि तकनीक और स्टार्टअप्स को भी इस शो में विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
किसानों और निवेशकों के लिए अवसर
इस ट्रेड शो का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय मानकों से परिचित कराना है। यहां आने वाले आगंतुक उत्तर प्रदेश की उन्नत कृषि संस्कृति, कृषि मशीनरी और नई तकनीकों का अनुभव कर सकेंगे। साथ ही यह मंच किसानों, कंपनियों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के बीच knowledge sharing और business opportunities को भी बढ़ावा देगा।
कृषि क्षेत्र की उपलब्धियां
ग्रेटर नोएडा ट्रेड शो 2025 न सिर्फ कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का प्रदर्शन करेगा, बल्कि यह किसानों और उद्यमियों के लिए नए अवसरों के द्वार भी खोलेगा। आधुनिक तकनीक, विश्वविद्यालयों का सहयोग और कंपनियों की भागीदारी इसे एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन बनाएगी।
ये भी पढ़ें : NEET Exam 2025: NEET UG Exam में बड़े बदलाव की तैयारी, पेन एंड पेपर मोड से CBT तक का सफर
ये भी देखें : नीतीश का अनुभव, तेजस्वी का जोश या बीजेपी का दम – कौन जीतेगा बिहार का मन?