Delhi Weather Update: दिल्ली में इस बार मौसम ने समय से पहले करवट ले ली है। फरवरी के महीने की शुरुआत के साथ ही ठंड का असर कम होता नजर आ रहा है। शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, लेकिन दोपहर तक तेज धूप निकल आई, जिससे ठंड में काफी कमी देखी गई। परिणामस्वरूप, फरवरी की शुरुआत गर्मी के साथ हुई।
2 फरवरी के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 2 फरवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को दिल्ली में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
3 और 4 फरवरी को गरज के साथ बारिश संभव
मौसम विभाग के अनुसार, 3 और 4 फरवरी को दिल्ली के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, 7 फरवरी तक न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट देखी जा सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है।
फरवरी की सबसे गर्म शुरुआत, औसत से 4 डिग्री अधिक तापमान
दिल्ली में फरवरी के पहले दिन की शुरुआत रिकॉर्ड गर्म रही। हालांकि सुबह कोहरे की वजह से विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई थी। शनिवार (1 फरवरी) को न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 2 डिग्री अधिक था। वहीं, अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 3.9 डिग्री अधिक रहा।
यह भी पढ़ें: Delhi-NCR: दिल्ली-एनसीआर में घरों की रेकी कर चोरी करने वाले चार शातिर बदमाश गिरफ्तार
दिल्ली की हवा फिर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में
राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, 1 फरवरी की शाम 6:09 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 355 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
AQI श्रेणियां:
0-50: अच्छा
51-100: संतोषजनक
101-200: मध्यम
201-300: खराब
301-400: बहुत खराब
401-500: गंभीर
आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज
2 फरवरी: घना कोहरा, येलो अलर्ट
3-4 फरवरी: गरज के साथ बारिश
7 फरवरी तक: तापमान में आंशिक गिरावट