आज बिहार में राजनीतिक पारा बहुत गर्म है। लोकसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने चंपारण तो महागठबंधन ने पूर्णिया में लोकसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। भाजपा की ओर से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लौरिया में हुंकार भरी और महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा तो वहीं महागठबंधन की ओर से सात दलों ने रंगभूमि मैदान से भाजपा पर करारा हमला बोला।
पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में महागठबंधन की महारैली में प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के विकास के लिए केंद्र ने कोई काम नहीं किया। भाजपा की तरफ से कोई काम देशहित में नहीं हो रहा है। बिहार को जितना मदद का भरोसा दिया गया, वह आज तक नहीं मिला। आठ साल में केंद्र की ओर से मात्र 59 लाख करोड़ की राशि मिली है।
भाजपा को 100 सीट भी नहीं मिलेगी
पूर्णिया में एयरपोर्ट सबसे पहले बनना था, लेकिन नहीं बना। एयरपोर्ट के लिए जितनी जमीन मांगी गई, हमने दिया। अमित शाह ने पूर्णिया में आकर कह दिया एयरपोर्ट चालू हो गया, लेकिन आज तक एयरपोर्ट चालू नहीं हो पाया। नीतीश कुमार ने कहा कि कांग्रेस अपना स्टैंड क्लियर करे। हम लोग एक साथ रहेंगे तो भाजपा को 2024 के चुनाव में 100 सीट भी नहीं मिल पाएगी। मेरी कोई व्यक्तिगत इच्छा नहीं है। मेरी ख्वाहिश है कि देश आगे बढ़े, इसके लिए बीजेपी को हराना होगा। बिहार में जैसे हम एकजुट है, वैसे देश में एकजुट होना होगा।
मेरे बारे में कहा गया कि मैंने जॉर्ज फर्नांडिस को धोखा दिया, जबकि हम उनके साथ ही थे। शरद यादव के बारे में कहा कि मैंने उन्हें छोड़ दिया, जबकि आज उनका बेटा यहां बैठा है। उनके निधन पर भी मैं वहां गया। मैंने जॉर्ज फर्नांडिस को भी कभी नहीं छोड़ा। ये लोग बस बोलते रहते हैं।
बिहार लड़ता है तब-तब दिल्ली हिलता है
वहीं, तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारे पिता लालू यादव ने संप्रदायिक तत्वों के सामने कभी घुटने नहीं टेके। जब लालू यादव ने घुटने नहीं टेके, तो मैं भी उनका बेटा हूं। भाजपा में कोई लीडर नहीं रह गया है, सब डीलर बन गया है। भाजपा नफरत की राजनीति करना चाहती है। आज भाजपा के खिलाफ जो बोलता है, उसके यहां छापा पड़ता है। भाजपा के साथ जो रहता है, वह हरिश्चंद्र हो जाता है।
तेजस्वी ने कहा कि जब-जब बिहार लड़ता है तब-तब दिल्ली हिलता है। भाजपा समाजवादी विचारधारा को खत्म करना चाहती है। नीतीश कुमार को धन्यवाद देना चाहते हैं कि आप डरे नहीं और आपने भाजपा से लड़ने का काम किया। प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं है। बस 2024 में भाजपा को हटाने और बाबा साहब के संविधान को बचाना लक्ष्य है।

