गुजरात की सूरत कोर्ट से आपराधिक मानहानि के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गाँधी को सजा मिलने और लोकसभा सदस्यता रद्द होने के बाद सियासत गर्म हो गयी है। पूरा विपक्ष एकजुट होकर भाजपा पर लोकतंत्र खत्म करने का आरोप लगा रही है तो वही भाजपा राहुल गाँधी पर पूरे पिछड़े समाज का अपमान करने का आरोप लगा रही है।
सदस्यता रद्द होने के बाद पूर्व सांसद राहुल गाँधी आज पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उसके बाद जवाब में भाजपा की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता शिवशंकर प्रसाद ने मोर्चा संभाला और राहुल गांधी पर करारा वार किया।
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि राहुल पर मानहानि के 60 मामले चल रहे हैं। उन्होंने पिछड़े समाज का अपमान किया था। यह कहते हुए कि ये सारे मोदी चोर क्यों होते हैं? आलोचना का मतलब गाली देना नहीं होता। राहुल गांधी को 2019 में दिए गए उनके एक भाषण पर सजा हुई है। रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि आज अपनी प्रेस वार्ता में राहुल गांधी ने कहा कि मैं सोच समझ कर बोलता हूं तो राहुल गांधी 2019 में जो बोले थे, वह सोच समझ कर बोले थे। जब उन्होंने पिछड़ों का अपमान किया था।
झूठ बोलना राहुल गांधी की फितरत
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि भाजपा ये मानती है कि राहुल गांधी ने जानबूझ कर पिछड़ों का अपमान किया और हम इसकी भर्त्सना करते है। बीजेपी नेता ने राहुल गांधी पर विदेश में जाकर झूठ बोलने का आरोप लगाया। आज राहुल गांधी ने फिर झूठ बोला कि मैंने लंदन में कुछ नहीं कहा था। राहुल गांधी ने लंदन में कहा था कि भारत में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है और यूरोपियन देश ध्यान नहीं दे रहे हैं। झूठ बोलना राहुल गांधी की फितरत हो चुकी है।
खुद भ्रष्टाचार के मामले में बेल पर हैं राहुल गांधी
भाजपा नेता ने राहुल गाँधी को भ्रष्टाचार पर बात नहीं करने की नसीहत दी। उन्होंने तंज कस्ते हुए कहा कि राहुल गांधी को भ्रष्टाचार की बात करने से पहले शर्म आनी चाहिए, वे खुद भ्रष्टाचार के मामले में बेल पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईमानदारी के साथ पिछले नौ सालों में जो काम किया है, आज उसी की वजह से भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन पाया है। कांग्रेस को पीएम मोदी के बारे में निराधार टिप्पणी करते हुए शर्म आनी चाहिए।

