बिहार विधानमंडल में बजट सत्र के पांचवें दिन दोनों सदनों में भाजपा ने जोरदार हंगमा किया है। भाजपा ने तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों पर हो रहे हमले को लेकर सरकार से जवाब माँगा और मामले की जाँच करने की मांग की। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि तमिलनाडु में मजदूरों के साथ घटना हो रही हैं। जमुई और मुंगेर के लोग सहमे हुए हैं। पलायन कर रहे हैं। तमिलनाडु में एक टीम बनाकर भेजनी चाहिए। इसकी जांच होनी चाहिए। मामला सही निकलेगा। अगर मामला गलत निकला तो मैं माफी मांगूंगा नहीं तो आपको सदन में माफी मांगनी पड़ेगी।
सरकार को चेतावनी
विजय सिन्हा के आरोपों पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में बिहार के सभी मजदूर सुरक्षित हैं। इस पर सियासत नहीं करें। जो भी मामला है उसकी सरकार जांच करेगी। जो दोषी पाए जाएंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी। बिहार डीजीपी ने वायरल हो रहे वीडियो को झूठा बताया है। आपको हम पर विश्वास नहीं है तो केंद्रीय गृहमंत्री इसकी जांच करवा लें।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि उप मुख्यमंत्री एक गुंडे की भाषा बोल रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष भी उन्हीं के इशारे पर चल रहे हैं। सरकार और तमिलनाडु के डीजीपी का बयान झूठा है। सिन्हा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा वहां से हमारे लोगों को सुरक्षित निकालकर लाएं नहीं तो हम सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। तमिलनाडु में 12 लोगों की हत्याएं हुई हैं।
बिहार विधान परिषद में भी हंगामा
विधानसभा के अलावा विधान परिषद् में भी भाजपा ने तमिलनाडु का मुद्दा उठाया। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की सरकार तमिलनाडु मामले में जनता को गुमराह कर रही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। वहां के कई परिवार के लोग यह बता रहे कि तमिलनाडु में उनके साथ क्या-क्या हो रहा है। वहां के परिवार के लोगों की हत्या की गई है। इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा कि सरकार झूठ बोलने पर उतारू है। सरकार जनता को गुमराह कर रही है। इसकी जांच होनी चाहिए। पुलिस मुख्यालय भी दबाव में गलत बयान दे रहा है। उन्होंने कहा कि 17 साल से नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री हैं लेकिन वह रोजगार नहीं दें सके। नीतीश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए।
गौरतलब है कि बीते गुरुवार को दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ था। उसके बाद बिहार के डीजीपी आर्यस भट्टी ने मीडिया को बताया है कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई। उनकी तमिलनाडु के डीजीपी से बात हुई है। भट्टी के बयान के बाद भी हंगामा होता रहा। बिहार सरकार ने देर शाम तमिलनाडु के डीजीपी का एक वीडियो जारी किया, जिसमें वह कह रहे थे कि बिहारी या हिंदी भाषी क्षेत्रों के किसी भी युवक की हत्या पूरे तमिलनाडु में नहीं हुई है। यह वीडियो भ्रामक है और गलत तरीके से फैलाया जा रहा है।

