सबसे ईमानदार राजनीतिक पार्टी होने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी इन दिनों भ्रष्टाचार के मामले में घिरी हुई है। इनके दो बड़े मंत्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन भ्रष्टाचार के आरोपों में सलाखों के पीछे कैद है। अब पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। कर्नाटक में पार्टी के प्रमुख चेहरा भास्कर राव ने आम आदमी पार्टी का साथ छोड़ दिया है। बता दें कि भास्कर राव बेंगलुरु के पूर्व पुलिस आयुक्त थे और आम आदमी पार्टी का बड़ा चेहरा थे। भास्कर ने अब आप को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्हें आज सुबह कर्नाटक के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कटील ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। भास्कर राव के इस फैसले को आम आदमी पार्टी के लिए राज्य में बड़ा झटका माना जा रहा है।
बहरहाल, भाजपा में शामिल होने के बाद भास्कर राव ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता कहते कुछ हैं और करते कुछ हैं। यह बहुत ही शर्मनाक है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार के दो मंत्री जेल में हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कोई महत्वाकांक्षा नहीं हैं। वह भारतीय जनता पार्टी में सामान्य कार्यकर्ता के रूप में शामिल हुए हैं।

