Shibu Soren: झारखंड की राजनीति में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक अध्याय का अंत हो गया है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक नेता शिबू सोरेन का निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में 81 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। वह पिछले कई वर्षों से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे।
गुरुजी के नाम से मशहूर थे शिबू सोरेन
शिबू सोरेन को झारखंड और खासतौर पर आदिवासी समुदाय में ‘गुरुजी’ के नाम से जाना जाता था। उन्होंने झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए लंबा संघर्ष किया और इस आंदोलन के मुख्य चेहरे बनकर उभरे। उनकी राजनीतिक और सामाजिक यात्रा ने झारखंड की दिशा और दशा को बदलने में अहम भूमिका निभाई।
तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे
शिबू सोरेन ने अपने जीवन में तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने न सिर्फ राजनीति की मुख्यधारा में आदिवासी आवाज को मजबूत किया, बल्कि झारखंड मुक्ति मोर्चा को जन-जन का आंदोलन बनाया। उनकी अगुआई में JMM ने सामाजिक न्याय, जल-जंगल-जमीन और क्षेत्रीय स्वाभिमान की भावना को जगाया।
हेमंत सोरेन ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
शिबू सोरेन के पुत्र और झारखंड के वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उस समय दिल्ली में ही मौजूद थे, जब उनके पिता का निधन हुआ। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं…” उनके इस भावुक संदेश ने पूरे राज्य को भावुक कर दिया।
झारखंड में शोक की लहर, जनजीवन प्रभावित
उनके निधन की खबर फैलते ही झारखंड भर में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। झारखंड के कई हिस्सों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। झारखंड सरकार ने उनके सम्मान में राज्य भर में एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
एक प्रेरणास्रोत जो सदैव जीवित रहेगा
शिबू सोरेन का जीवन आदिवासी समुदाय के लिए संघर्ष, आत्मसम्मान और नेतृत्व की मिसाल बना रहेगा। उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां हमेशा सम्मान और गर्व के साथ याद रखेंगी। वे केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि एक विचारधारा और आंदोलन के प्रतीक थे।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: बादलों की चादर में लिपटी दिल्ली, गलियों में भरा पानी, जलभराव से बिगड़ी हालत
ये भी देखें : ओवैसी का तंज…प्रियंका ने क्यों किया आग्रह?, India vs Pak संघर्ष पर संसद में हुआ हंगामा!