Weather Update: देशभर में मॉनसून का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत से लेकर पश्चिम और दक्षिण भारत तक बारिश ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए रेड और येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में हल्की राहत, उमस बनी परेशानी
राजधानी दिल्ली में आज बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, हालांकि बारिश की संभावना कम है। 26 जुलाई की सुबह हल्की बारिश ने थोड़ी राहत दी, लेकिन दिनभर उमस बनी रह सकती है।
तापमान:
- अधिकतम: 34°C
- न्यूनतम: 24°C
उत्तर प्रदेश: 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, आगरा, गोंडा, रायबरेली, मिर्जापुर, मैनपुरी, हरदोई, चंदौली, बाराबंकी, बस्ती, फतेहपुर, फिरोजाबाद और हमीरपुर में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गंगा, घाघरा और सरयू नदियों का जलस्तर बढ़ा है, जिससे निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
बिहार में आफत की बारिश, 10 जिलों में चेतावनी
बिहार के पटना, गया, औरंगाबाद, सारण, भोजपुर, रोहतास, गोपालगंज, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, सिवान और नालंदा में आज भारी बारिश की चेतावनी है। कई जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
राजस्थान में अगले 24 घंटे भारी, कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने जयपुर, कोटा, चुरू, बारां, करौली, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और सवाईमाधोपुर जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मानसून सक्रिय हो गया है, जिससे अगले 24 घंटों तक तेज बारिश हो सकती है।
हिमाचल में 153 मौतें, आज फिर चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में बारिश का तांडव जारी है। अब तक 36 दिनों में 153 लोगों की जान जा चुकी है। आज शिमला, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। सिरमौर के जतौन बैरेज में बीते 24 घंटों में सर्वाधिक 54 मिमी बारिश दर्ज की गई।
उत्तराखंड में देहरादून, नैनीताल में भारी बारिश का खतरा
देहरादून, चंपावत और नैनीताल में येलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाओं और भारी बारिश के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी
26-30 जुलाई तक कोंकण, गोवा और मराठवाड़ा में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। गुजरात और सौराष्ट्र में 29 जुलाई तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
प्रमुख शहरों का आज का तापमान
शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
दिल्ली | 34°C | 24°C |
मुंबई | 29°C | 25°C |
कोलकाता | 31°C | 25°C |
चेन्नई | 33°C | 27°C |
लखनऊ | 35°C | 28°C |
जयपुर | 32°C | 27°C |
अहमदाबाद | 31°C | 26°C |
पटना | 32°C | 28°C |
रांची | 26°C | 24°C |
ये भी पढ़ें : Jhalawar School Collapses: राजस्थान में सरकारी स्कूल की छत गिरने से 4 बच्चों की दर्दनाक मौत, दर्जनों के दबे होने की आशंका
ये भी देखें : Tej Pratap Yadav On PM Modi: तेज प्रताप के सपने में आए PM मोदी!, आखिर क्या दिया ऐसा ऑफर?