Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार (3 फरवरी) को शाम छह बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। अब राजधानी के 1.56 करोड़ मतदाता 5 फरवरी को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी।
एग्जिट पोल पर रोक
निर्वाचन आयोग ने 5 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 6:30 बजे तक एग्जिट पोल प्रसारित करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। चुनाव आयोग के अनुसार, इस अवधि में न्यूज ब्यूरो, मीडिया हाउसेज, रेडियो, टेलीविजन चैनल या किसी अन्य माध्यम से एग्जिट पोल, ओपिनियन पोल या किसी भी चुनावी सर्वेक्षण का प्रसारण पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
मतदान के लिए 13,766 पोलिंग स्टेशन तैयार
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, राजधानी में कुल 13,766 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
कुल मतदाता: 1.56 करोड़
पुरुष मतदाता: 83.76 लाख
महिला मतदाता: 72.36 लाख
थर्ड जेंडर मतदाता: 1,267
733 पोलिंग बूथ दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए हैं।
6980 लोगों ने घर से किया मतदान
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर से मतदान सुविधा के तहत अब तक 7,553 पात्र मतदाताओं में से 6,980 लोग पहले ही अपना वोट डाल चुके हैं।
यह सुविधा 24 जनवरी से शुरू हुई थी और 4 फरवरी तक जारी रहेगी।
आचार संहिता उल्लंघन के 1000 से ज्यादा मामले दर्ज
दिल्ली में 7 जनवरी को आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद इसके 1,000 से ज्यादा उल्लंघन के मामले दर्ज किए गए हैं।
इसके अलावा, चुनावी नियमों के उल्लंघन पर 33,434 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
दिल्ली में कड़ी सुरक्षा, पारा मिलिट्री की 220 कंपनियां तैनात
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पारा मिलिट्री फोर्स की 220 कंपनियां दिल्ली में तैनात की गई हैं। इसके साथ ही 19,000 होम गार्ड्स को तैनात किया गया है। बता दें कि 35,626 दिल्ली पुलिस के जवानों की भी ड्यूटी लगाई गई है।