लखनऊ :- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का लखनऊ स्थित संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन पर पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गयी। वहीं, लखनऊ के सांसद और देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भावुक हो गए।
सोशल मीडिया के ट्वीट हैंडल पर ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह जी के निधन से मैंने अपना बड़ा भाई और साथी खोया है। उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असम्भव है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे। ओम शान्ति
उन्होंने आगे कहा कि कल्याण सिंह उ.प्र. ही नहीं भारतीय राजनीति की वह क़द्दावर हस्ती थे, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व से देश और समाज पर एक अमिट छाप छोड़ी। उनका लम्बा राजनीतिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा में समर्पित रहा। वे उत्तर प्रदेश के अत्यंत लोकप्रिय मुख्यमंत्री के रूप में जाने गए।
आगे कहा कि जनसंघ के समय से ही उन्होंने भाजपा को मज़बूत बनाने और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत की। श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन में भी उनकी महती भूमिका के लिए उन्हें यह देश हमेशा याद रखेगा। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति है और मेरे लिए तो यह बहुत ही पीड़ादायक क्षण है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय कटियार ने ट्वीट कर कहा कि अत्यंत करीबी प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह के निधन से बहुत बड़ा आघात लगा है, देश को अपूरणीय क्षति, ईश्वर श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।
बहुजन समाज पार्टी की सुप्रिमो व उप्र की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ट्वीट किया कि भाजपा के कद्दावर नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल रहे कल्याण सिंह के निधन की खबर अति-दुःखद। उनके परिवार व समर्थकों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
प्रगतिशील पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के निवर्तमान राज्यपाल कल्याण सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। भारतीय राजनीति में कल्याण सिंह एक कभी न मिटने वाली तारीख हैं। ईश्वर शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!
इतना ही नहीं देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर कल्याण सिंह के निधन पर अपनी शोक संवेदना प्रकट की है।
पूरा प्रदेश दौड़ गई शोक की लहर
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर पूरे उत्तर प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके अंतिम दर्शन के लिए भाजपा के पदाधिकरियों व कार्यकर्ताओं की भीड़ अस्पताल के बाहर जुटना शुरु हो गयी है।
Publish by- shivam Dixit
@shivamniwan